सोनीपत. भाखरपुर गांव में जरूरतमंद महिला को मुफ्त मिले प्लॉट पर कुछ लोगों द्वारा नाजायज तरीके से कब्जा करने की नीयत से मारपीट कर धमकी देने का मामला सामने आया है। गुरुवार को महिला न्याय की गुहार को लेकर लघु सचिवालय में एसडीएम से मिलने पहुंची। एसडीएम न मिलने पर पुलिस स्टेशन में थाना प्रभारी को लिखित शिकायत दी है। एसएचओ बदन सिंह ने महिला को भरोसा दिलाया है कि उसके साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
पीडि़त महिला मीना ने पुलिस के समक्ष बताया कि गरीबी रेखा में आने पर महात्मा ग्रामीण बस्ती योजना के तहत उन्हें 100 वर्ग गज का प्लॉट मुफ्त मिला था।
प्लॉट की रजिस्ट्री व इंतकाल उसके नाम पर है। आरोप है कि उसके प्लॉट में गलत तरीके से कुछ दबंग लोग कब्जा करना चाहते है। कुछ फर्जी तरीके से कागजात तैयार कर प्लॉट खुद का बताने का दावा कर रहे है। जबकि पंचायत से मिले प्लॉट को पात्र बेच नहीं सकता है। महिला के मुताबिक जब वह प्लॉट पर काम करवा रही थी तो कुछ लोग आए। उन्होंने उसके अलावा मिस्त्री व उसके बच्चों के साथ मारपीट कर धमकी देकर फरार हो गए। इस संदर्भ में थाना प्रभारी बदन सिंह ने बताया कि भाखरपुर गांव से महिला मीना ने शिकायत दी है कि उसके प्लॉट पर कुछ लोग नजायज तरीके से कब्जा करना चाहते है। इस मामले में गहनता से जांच पड़ताल की जा रही है।