- महेंद्रगढ़ के बाद अगले दिन पड़ोसी जिले में संक्रमण
- 24 ठीक होकर घर लौटे, 2479 संदिग्ध मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव
- राेहतक पीजीआई में ओपीडी 11 से, डिस्टेंसिंग के लिए तैयारी
पानीपत. राज्य में कोरोना संकट गहराता जा रहा है। शुक्रवार को पानीपत में 20 साल की युवती की मौत हो गई। जिले में कोरोना से यह तीसरी मौत है, जबकि राज्य में 10वीं। 24 घंटे में 28 नए केस सामने आने के साथ अब संक्रमितों का आंकड़ा 657 पर पहुंच गया है। हालांकि राहत की बात यह भी है कि तीन दिन बाद हरियाणा में 24 मरीज ठीक होकर घर भी लौटे हैं। नए मामलों में गुड़गांव के 9, फरीदाबाद-सोनीपत में 4-4, रेवाड़ी-जींद में 3-3, फतेहाबाद में दो, पानीपत, झज्जर व रोहतक का एक-एक केस शामिल है। जबकि फरीदाबाद से 11, झज्जर से पांच, नूंह से चार, सोनीपत से तीन और पानीपत में एक मरीज ठीक हुआ है। राज्य में ठीक होने वालों की संख्या 284 हो गई है। बता दें कि दिल्ली से सटे गुड़गांव में अब तक 126, फरीदाबाद में 88, सोनीपत में 76, झज्जर में 74 और नूंह में 41 अन्य जिलों की अपेक्षा सबसे ज्यादा मरीज मिले हैं।
24 घंटे का अपडेट
राज्य में 24 घंटे में 3251 संदिग्ध मरीजों के सैंपल लिए गए हैं। जबकि 431 लोगों ने अपना सर्विलांस का समय पूरा कर लिया है। सर्विलांस पर 21 नए लोगों को लिया गया है। राज्य में 2479 की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
जानिए… आज तक की स्थिति
- 22063 का सर्विलांस पूरा।
- 15375 लोग हैं सर्विलांस पर।
- 46495 के लिए गए हैं सैंपल।
- 41495 सैंपल आए निगेटिव।
- 657 हो चुकी है पॉजिटिव केसों की संख्या।
- 5125 की रिपोर्ट का इंतजार है।
रिकवरी रेट 43.12 फीसदी
- 1.45 प्रतिशत है पॉजिटिव रेट
- 43.12 प्रतिशत है रिकवरी रेट
- 1.24 प्रतिशत है फैटेलिटी रेट
- 1 मीलियन पर हो रही 1962 लोग की टेस्टिंग
- 8 दिन में डबल हो रहे मरीज
हरियाणा में सिर्फ दो पेशेंट ऑक्सीजन पर: विज
स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज का कहना है कि यह सही है कि कुछ दिनों से केस बढ़े हैं। इनकी बड़ी वजह दिल्ली है। लेकिन, अभी हमारे सिर्फ दो मरीज ऐसे हैं जो ऑक्सीजन पर हैं। बाकी सभी की हालत ठीक है। कुछ दिन लगेंगे। रिकवरी रेट सुधरेगा। अभी रैपिड टेस्ट किट को लेकर किए गए प्रयोग की रिपोर्ट सीएमओ से ली जा रही है।